सांबा, 1 जुलाई: श्री अमरनाथ यात्रा-2026 के शुभारंभ के अवसर पर सांबा जिले के तप्याल क्षेत्र में यात्रा के प्रथम जत्थे का जिला प्रशासन द्वारा पारंपरिक एवं भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा और हार्दिक अभिनंदन के साथ स्वागत करते हुए पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, उत्साह और सेवा का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर उपायुक्त सांबा आयुषी सूदन (IAS) एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुज कुमार (IPS) ने श्रद्धालुओं का स्वागत कर उन्हें मंगलमय, सुरक्षित एवं सफल यात्रा की शुभकामनाएँ दीं। स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया, जिससे सांबा की अतिथि-देवो-भवः की परंपरा और सामाजिक सौहार्द की सुंदर मिसाल देखने को मिली।
उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन ने पुलिस, श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड, विभिन्न लंगर समितियों तथा अन्य विभागों के साथ मिलकर श्रद्धालुओं के लिए ठहरने, भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की है, ताकि यात्रा पूरी तरह सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
श्रद्धालुओं ने उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, जिला प्रशासन सांबा तथा श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त चंपा देवी ठाकुर, एसडीएम घगवाल के.जे.एस. बाली, प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, सुरक्षा बलों के प्रतिनिधि, लंगर समितियों के सदस्य, धर्मगुरु तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
स्वागत समारोह के उपरांत श्रद्धालु कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अपनी अगली यात्रा के लिए जम्मू की ओर रवाना हुए।
0 Comments