सांबा, 02 अप्रैल 2026:
जिला प्रशासन सांबा ने आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी और जमाखोरी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। उपायुक्त सांबा आयुषी सुदान (IAS) के निर्देश पर गठित संयुक्त टीम ने चक मांगा क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया।
इस संयुक्त टीम में FCS&CA विभाग, राजस्व विभाग, लीगल मेट्रोलॉजी विभाग और पुलिस विभाग के अधिकारी शामिल थे। निरीक्षण के दौरान टीम ने विशेष इनपुट के आधार पर चक मांगा गांव के एक रिहायशी घर (आवासीय परिसर) की तलाशी ली, जहां से घरेलू और कमर्शियल दोनों प्रकार के कई LPG सिलेंडर बरामद किए गए।
प्रशासन के अनुसार, ये सिलेंडर उसी घर के अंदर अलग-अलग कमरों और स्टोर एरिया में छिपाकर रखे गए थे, जिससे साफ तौर पर अवैध भंडारण और संभावित ब्लैक मार्केटिंग की आशंका जताई जा रही है।
इतनी बड़ी मात्रा में सिलेंडरों का भंडारण मिलने से नियमों के उल्लंघन और दुरुपयोग की आशंका जताई जा रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
यही नहीं, जांच के दौरान संबंधित गैस एजेंसी को भी ओवरचार्जिंग के आरोप में बुक किया गया है। प्रशासन अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रहा है ताकि सभी जिम्मेदारों की पहचान कर उचित कार्रवाई की जा सके।
जिला प्रशासन सांबा ने साफ शब्दों में कहा है कि आम जनता को जरूरी वस्तुएं उचित मूल्य पर उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उपायुक्त ने चेतावनी दी कि कालाबाजारी, जमाखोरी या ज्यादा कीमत वसूलने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि इस तरह के औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि बाजार में पारदर्शिता बनी रहे और लोगों के हितों की रक्षा सुनिश्चित हो सके।
Report by : Banti Kumar
Headline plus news
0 Comments